मंत्री ने कहा यह एक प्राथमिक रिपोर्ट है और जांच जारी

न्यूज़ केंद्र संवाददाता
नयी दिल्ली :अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया विमान हादसे को लेकर जारी की गई प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में दावा किया गया है कि AI-171 के दोनों इंजन में ईंधन पहुंचाने वाले स्विच बंद हो गए थे और इसके बाद पायलटों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई, जिसके कुछ ही सेकंड बाद विमान अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
विमान हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि एक पायलट ने दूसरे से पूछा कि उसने ईंधन क्यों बंद किया, तो जवाब मिला कि उसने ऐसा नहीं किया। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) द्वारा शनिवार को जारी प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया कि विमान के ऑपरेटरों के लिए फिलहाल कार्रवाई की कोई सिफारिश नहीं की गई है। रिपोर्ट के अनुसार जब विमान ने उड़ान भरी उस समय सह-पायलट विमान उड़ा रहा था और कप्तान निगरानी कर रहा था।
रिपोर्ट में कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डिंग के हवाले से कहा गया है, “एक पायलट ने दूसरे से पूछा कि उसने ईंधन स्विच ऑफ क्यों किया, तो वह जवाब देता है कि उसने ऐसा नहीं किया।” विमान ने भारतीय समयानुसार, दोपहरर एक बजकर 38 मिनट 39 सेकंड पर उड़ान भरी और एक बजकर 39 मिनट 05 सेकंड पर एक पायलट ने ‘मे डे- मे डे- मे डे’ संदेश दिया।
12 जून को AI 171 दुर्घटना पर विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की प्रारंभिक रिपोर्ट पर, एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने कहा, “जांच का लहजा और दिशा पायलट की गलती की ओर झुकाव का संकेत देती है। हम इस धारणा को पूरी तरह से खारिज करते हैं और निष्पक्ष, तथ्य-आधारित जांच पर ज़ोर देते हैं।””रिपोर्ट बिना किसी ज़िम्मेदार अधिकारी के हस्ताक्षर या जानकारी के मीडिया में लीक कर दी गई। जांच में पारदर्शिता का अभाव है क्योंकि जांच गोपनीयता में लिपटी हुई है, जिससे विश्वसनीयता और जनता का विश्वास कम हो रहा है। योग्य, अनुभवी कर्मियों, खासकर लाइन पायलटों को अभी भी जांच दल में शामिल नहीं किया जा रहा है।”
AI 171 दुर्घटना पर AAIB की प्रारंभिक रिपोर्ट पर नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा, “… यह एक प्राथमिक रिपोर्ट है और जांच जारी है… विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) एक स्वायत्त निकाय है जो अच्छा काम कर रहा है…”
इस रिपोर्ट को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद मनोज झा ने सवाल उठाते हुए कहा, ‘जिनके ऊपर आरोप लगाया जा रहा है वो लोग तो मर गए हैं. पायलट कैसे अपने आपको बचाने आएंगे अब. बड़ी कंपनी है, बड़े लोग हैं. इनके हाथ में सब कुछ है. पायलट तो मर गए हैं. वो तो अब आकर कुछ कहेंगे नहीं. रिपोर्ट में गंभीरता का अभाव दिखा.’