पश्चिम बंगाल- कोलकाता के दो नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

इमेल से मिली धमकी के बाद स्कूल प्रशासन अलर्ट, कोलकाता पुलिस का साइबर सेल मामले की तकनीकी पड़ताल में जुटा

न्यूज़ केंद्र संवाददाता
कोलकाता: शहर के दो प्रतिष्ठित स्कूलों को बुधवार सुबह इमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। स्कूल प्रशासन ने धमकी मिलते ही तत्काल छात्रों को छुट्टी देकर पुलिस को इसकी जानकारी दी। कोलकाता पुलिस की बम निरोधक दस्ते की टीम खोजी कुत्तों के साथ मौके पर पहुंची और दोनों स्कूल परिसरों में कई घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बुधवार सुबह स्कूलों की प्रबंधन कमेटियों को एक इमेल मिला, जिसमें कहा गया था कि आनंदपुर और सियालदह के पास तालतला इलाके में स्थित दो स्कूलों में बम रखे गये हैं। इमेल मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और स्कूल बंद कर दिये। घटना की सूचना पाकर आनंदपुर और तालतला थाने की पुलिस के साथ-साथ कोलकाता पुलिस की बम निरोधक टीम मौके पर पहुंच गयी। स्कूलों में खोजी कुत्तों की मदद से स्कूल भवनों और आसपास के इलाकों की गहन तलाशी ली गयी कहीं भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।
गौरतलब है कि पुलिस ने इस इमेल की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह इमेल किसने और किस उद्देश्य से भेजा। सूत्रों के मुताबिक यह पहली बार नहीं है जब कोलकाता के किसी स्कूल को इस तरह की धमकी मिली हो इससे पहले भी इसी प्रकार की अफवाहें फैलायी जा चुकी हैं। पुलिस जांच कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शुरूआती जांच में इमेल के पीछे विदेशी आइपी एड्रेस इस्तेमाल होने की आशंका है। साइबर सेल मामले की तकनीकी पड़ताल कर रहा है।

Latest Comment:

Read (0) Comments

Related Stories